
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट द्वारा पूर्ति निरीक्षक संजय बिष्ट के साथ बेतालघाट स्थित गैस एजेंसी के गोदाम और आनंद फिलिंग स्टेशन बेतालघाट पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण किया गया । पेट्रोल पम्प का निरीक्षण करने पर प्रबंधक द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। मौके पर पंप से विभिन्न वाहनों को ईधन की आपूर्ति की जा रही थी । ईधन की आपूर्ति सामान्य पाई गई । पंप में उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर आज की तिथि में निरीक्षण के समय तक पंप से 2058 ली० डीजल और 486 ली० पेट्रोल निर्गत होने के उपरांत पंप में 13860 ली० डीजल और 3585 ली० अवशेष पाया गया । एआरओ बिष्ट द्वारा पंप के प्रबंधक को मौके पर हिदायत दी कि दूरस्थ क्षेत्र में एकमात्र पंप होने से उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए आवश्यक है कि एडवांस में इंडेंट लगाकर कंपनी को भेजें ताकि ईधन की आपूर्ति सामान्य बनी और आपदा/वर्षाकाल के दृष्टिगत डीजल और पेट्रोल पंप में आवश्यकतानुसार रिजर्व में रखा जाय । पेट्रोल पंप का निरीक्षण करने के बाद खाद्य विभाग की टीम द्वारा बेतालघाट गैस एजेंसी के गोदाम का भी निरीक्षण प्रबंधक मोहन चंद्र कांडपाल की उपस्थिति में किया गया । स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन करने पर गोदाम में घरेलू और व्यवसायिक सिलेंडर गोदाम में उपलब्ध पाए गए परंतु मौके पर 4 घरेलू सिलेंडर डिफेक्टिव भी पाए गए जिन्हें तत्काल आईओसीएल कंपनी को वापस कर उनके स्थान पर सही सिलेंडर मंगवाने हेतु प्रबंधक को हिदायत दी गई । गोदाम में उपलब्ध वेइंग मशीन में कुछ सिलेंडरों का वजन करवाने का प्रयास करने पर मशीन चार्ज नहीं थी जिससे मौके पर सिलेंडरों का वजन करवाया जाना संभव नहीं हो पाया । प्रबंधक को मौके पर हिदायत दी गई कि हर समय मशीन को चार्ज कर गोदाम में रखा जाए । इस गैस एजेंसी में प्रबंधक के अलावा गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु 4 कार्मिकों की तैनाती की गई है । मौके पर टीम द्वारा प्रबंधक को यह भी हिदायत दी कि आपदा/ वर्षाकाल के दृष्टिगत घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर आवश्यकतानुसार गोदाम में रिजर्व रखे जाए और निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमानुसार क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न विस्तार बिंदुओं हेतु गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी उपभोक्ता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े ।









