राजकीय पॉलिटेक्निक का सात दिवसीय विशेष शिविर जारी रहा

नैनीताल l राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन की शुरुआत प्रातःकाल लक्ष्य गीत के साथ की गई। सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक लक्ष्य गीत गाकर दिन के कार्यक्रमों का शुभारंभ किया।
इसके उपरांत वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों में तर्कशक्ति, अभिव्यक्ति कौशल तथा आत्मविश्वास का विकास हुआ।
कार्यक्रम के अगले चरण में खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्वयंसेवकों ने विभिन्न खेलों में भाग लेकर टीम भावना, अनुशासन एवं सहयोग की भावना को सुदृढ़ किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी कला एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे वातावरण उत्साहपूर्ण एवं आनंदमय बना रहा।
इसके पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा नारायण नगर, पिटरिया एवं गैरिखेत क्षेत्रों में साइबर अपराध जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
चौथे दिन कार्यक्रम ज्ञानवर्धक, मनोरंजक एवं सामाजिक जागरूकता से परिपूर्ण रहा। सभी स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए शिविर के उद्देश्यों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।











