जिला अस्पताल बीडी पांडे से 6 डॉक्टरों के तबादले पर जनप्रतिनिधियों में आक्रोश,

नैनीताल। जिला अस्पताल बीडी पांडे से फिजिशियन और सर्जन समेत 6 डॉक्टरों के तबादले के आदेश पर जनप्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताई है। बुधवार को विधायक सरिता आर्या, पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पीएमएस डॉ. द्रौपदी गबर्याल से मुलाकात कर विरोध दर्ज कराया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अस्पताल में पहले से ही डॉक्टरों की भारी कमी है। ऐसे में 6 डॉक्टरों का तबादला होने से मरीजों को गंभीर परेशानी होगी। विधायक ने कहा, “बीडी पांडे अस्पताल को दुर्गम से सुगम तो कर दिया गया, लेकिन सुगम जैसी व्यवस्थाएं आज तक नहीं मिलीं। स्टाफ और संसाधन पूरे नहीं हैं। ऐसे में यहां तैनात डॉक्टरों को भेजना गलत है।” इस दौरान होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट, महासचिव वेद साह, पुनीत टंडन सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि तबादले रद्द कर अस्पताल में रिक्त पदों पर तुरंत नई नियुक्ति की जाए।