कुमाऊँ विश्वविद्यालय के हिन्दी एवं अन्य भारतीय भाषा विभाग डी. एस. बी.परिसर तथा आई. क्यू.ए.सी. के संयुक्त तत्वावधान में “कुमाउनी का बोलता शब्दकोश (Talking Dictionary of Kumaun) विषयक त्रिदिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला शुरु

नैनीताल ।कुमाऊँ विश्वविद्यालय के हिन्दी एवं अन्य भारतीय भाषा विभाग डी. एस. बी.परिसर तथा आई. क्यू.ए.सी. के संयुक्त तत्वावधान में “कुमाउनी का बोलता शब्दकोश (Talking Dictionary of Kumaun) विषयक त्रिदिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का 01-जुलाई को यूजीसी. एम एम. टीटीसी बुरांश सभागार में शुभारंभ हुआ। प्रथम सत्र उद्घाटन सत्र रहा , जिसका आरंभ द्वीप प्रज्ज्वलन, वन्देमातरम एवं कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ हुआ। कार्यशाला की संयोजक प्रो० चंद्रकला रावत द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला की आवश्यकता और उद्‌देश्य को स्पष्ट किया गया। उन्होंने कहा इस कार्यशाला में लगभग 1956 शब्दों का ध्वनि – अभिलेखन, अंतरराष्ट्रीय ध्वन्यात्मक वर्णमाला (IPA) के अनुसार लिप्यंतरण तथा डिजिटल अभिलेखीकरण किया जाएगा, जिससे भावी पीढ़ियों के लिए एक प्रामाणिक बोलता शब्दकोश तैयार किया जा सके। विशिष्ट अतिथि प्रो० नवीन चंद्र लोहनी, कुलपति,उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने कहा कि किसी भी भाषा का संरक्षण तभी सार्थक होगा जब नई पीढ़ी उससे व्यावहारिक रूप से जुड़ सके। मुख्य वक्ता एवं SEL लखनऊ की अध्यक्ष प्रो० कविता रस्तोगी ने संस्था का परिचय देते हुए बताया कि कार्यशाला के दौरान शब्दों की रिकॉर्डिंग, आईपीए के अनुरूप लिप्यंतरण, मेटाडाटा निर्माण और डिजिटल आर्काइविंग की वैज्ञानिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा ने कहा कि कुमाउनी शब्द‌कोश केवल शब्दों का संग्रह नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, लोकज्ञान और जीवन पद्धति का जीवंत दस्तावेज है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो.(कर्नल) दीवान एस. रावत ने कहा कि किसी भी भाषा का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण अत्यंत श्रमसाध्य कार्य है। उन्होंने इसे कुमाउनी भाषा के संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए आयोजन समिति और SEL की टीम के प्रयासों की सराहना की। उद्घाटन सत्र के अंत में कार्यक्रम का संचालन कर रहीं प्रो. प्रीति आर्या ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। द्वितीय व तृतीय सत्र तकनीकी सत्र रहे जिसमें तय रूपरेखा के अनुसार कुमाउनी शब्दावली का आई. पी. ए. में लिप्यंतरण का कार्य प्रारंभ किया गया।