नैनीताल में चीना बाबा मंदिर से बीड़ी पाण्डे अस्पताल तक मार्ग को वन-वे करने की मांग
नैनीताल l जनहित संस्था नैनीताल के एक शिष्टमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर चीना बाबा मंदिर मल्लीताल से बीड़ी पाण्डे अस्पताल तक के मार्ग को केवल पैदल मार्ग के रूप में विकसित करने की मांग की।
संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी व संरक्षक जगमोहन सिंह बिष्ट के निर्देश पर कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती दिव्या शाह के नेतृत्व में शिष्टमंडल डीएम से मिला। ज्ञापन में कहा गया कि यह मार्ग पहले से ही पैदल यात्रियों के लिए है, लेकिन वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण अब इस पर चलना मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को आवागमन में अत्यधिक कठिनाई हो रही है। नैनीताल में उच्च न्यायालय होने से इस मार्ग पर लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। मार्ग सकरा होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
संस्था ने सुझाव दिया कि वाहनों को मेट्रोपोल वाले मार्ग से डायवर्ट किया जाए और इस मार्ग को पूरी तरह पैदल यात्रियों के लिए आरक्षित कर दिया जाए। जिलाधिकारी ने शिष्टमंडल को आश्वासन दिया कि इस प्रकरण पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान प्रो. ललित तिवारी, महासचिव महेश चंद्र आर्य और सोनू शाह मौजूद रहे।











