नैनीझील में युवक का शव बरामद, रात को बहन को किया था वीडियो कॉल

नैनीताल l नैनीझील में शुक्रवार को सुबह एक युवक का शव तैरता मिला। मृतक की पहचान मल्लीताल बड़ा बाजार निवासी 45 वर्षीय मनीष के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बी.डी. पाण्डे अस्पताल भेज दिया है।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने फांसी गधेरा क्षेत्र में पाषाण देवी मंदिर के पास झील में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। एएसआई सुनील कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान युवक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान हुई। पुलिस ने ई-साक्ष्य जुटाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात कुछ लोगों ने युवक को फोन पर तेज आवाज में बात करते सुना था। बताया जा रहा है कि युवक ने ठंडी सड़क क्षेत्र से अपनी बहन को वीडियो कॉल कर आत्मघाती कदम उठाने की बात कही थी। तल्लीताल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। फिलहाल परिवार को सूचना दे दी गई है।












