नैनीताल क्लब में समाज कल्याण मंत्री खजान दास से एक शिष्टमंडल ने मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की
नैनीताल/खुर्पाताल : नैनीताल क्लब में आज समाज कल्याण मंत्री श्री खजान दास से एक शिष्टमंडल ने मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान न्याय पंचायत खुर्पाताल की लचर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और युवाओं के लिए खेल सुविधाओं की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में अपग्रेड हो प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र
बैठक में ग्राम सभा खुर्पाताल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (PHC) की अव्यवस्थाओं को मंत्री के सामने रखा गया। मांग की गई कि भौगोलिक संवेदनशीलता को देखते हुए इस केंद्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC) में उच्चीकृत (अपग्रेड) किया जाए। इससे स्थानीय जनता और पर्यटकों को आपातकालीन एवं बेहतर आकस्मिक चिकित्सा सुविधाएं समय पर मिल सकेंगी।
युवाओं के लिए मिनी स्टेडियम की मांग
क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए न्याय पंचायत खुर्पाताल में एक मिनी स्टेडियम के निर्माण व खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी पुरजोर तरीके से उठाई गई।
शराब विरोधी आंदोलन की सफलता पर दी बधाई
माननीय मंत्री खजान दास ने स्थानीय क्षेत्रवासियों द्वारा चलाए गए शराब विरोधी सफल आंदोलन की सराहना की। उन्होंने इसके लिए न्याय पंचायत खुर्पाताल के समस्त नागरिकों को बधाई दी। मंत्री ने दोनों ही महत्वपूर्ण मांगों पर जल्द से जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने और क्षेत्र के विकास में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में यह रहे मौजूद
इस दौरान उच्च स्तरीय बैठक में नैनीताल विधानसभा विधायक श्रीमती सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री (पेयजल) दिनेश आर्य और दर्जा राज्य मंत्री (आवास विकास) सुश्री भावना महरा भी उपस्थित रहीं।इसके अलावा भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री दया किशन पोखरिया, किसान मोर्चा के जिला महामंत्री श्री योगेश सिंह बिष्ट, ग्रामीण मंडल मंत्री श्री विजय सिंह बिष्ट, खुर्पाताल बूथ अध्यक्ष श्री विक्रम सिंह कनवाल, आरएसएस के मंडल कार्यवाह( खुर्पाताल) श्री गौरव गोस्वामी और संगीता टम्टा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।










