प्रेम धाम आश्रम (Old Age Home) देहरादून में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून एवं श्री महन्त इंद्रेश हॉस्पिटल, देहरादून के संयुक्त तत्वाधान में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन।

नैनीताल ।बुधवार को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल, उत्तराखण्ड व अध्यक्ष/जिला न्यायाधीश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री हरीश कुमार गोयल के दिशा-निर्देशन में सचिव/सिविल जज (सी0डि0) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्रीमती सीमा डुँगराकोटी द्वारा श्री महन्त इंद्रेश हॉस्पिटल के सहयोग से प्रेम धाम आश्रम देहरादून में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में महंत इंद्रेश हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस अवसर पर फिजिशियन सहित नेत्र रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ आदि उपस्थित रहे। चिकित्सकों द्वारा वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया।शिविर के दौरान अनेक महिला वरिष्ठ नागरिकों का ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन तथा ई0सी0जी0 जांच भी की गई तथा आवश्यकतानुसार सभी लाभार्थियों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। चिकित्सकों ने वृद्धजनों को को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, व्यायाम, स्वच्छता तथा समय पर उपचार के प्रति भी जागरूक किया। इस शिविर में 35 वृद्ध महिलाओं व 15 कर्मचारियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में मोतियाबिंद से ग्रसित 06 वृद्ध महिलाएं पाई गई, जिनकी निःशुल्क सर्जरी अस्पताल प्रबंधन द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्रीमती सीमा डुँगराकोटी द्वारा प्रेम धाम आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। प्रेम धाम आश्रम के पदाधिकारियों एवं उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून तथा श्री महंत इंद्रेश हॉस्पिटल का आभार व्यक्त करते हुए चिकित्सा शिविर को अत्यंत उपयोगी एवं सराहनीय बताया।
इस अवसर पर पराविधिक कार्यकर्ता श्री हरीश रंसवाल तथा श्रीमती अंजना रंसवाल द्वारा भी सहयोग प्रदान किया गया, जिन्हें वृद्धाश्रम की महिलाओं के आधार कार्ड व पेंशन संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्रीमती सीमा डुँगराकोटी ने कहा कि-
‘‘ वरिष्ठ नागरिक हम सब की अमूल्य धरोहर हैं, उनके स्वास्थ्य, सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून केवल न्याय तक पहंुच सुनिश्चित करने का ही नहीं, बल्कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक कल्याण के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं, विधिक जागरूकता और सामाजिक सहयोग के माध्यम से हम एक संवेदनशील और समावेशी समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।