नैनीताल पुलिस की मुस्तैदी: खोई 5 वर्षीय मासूम आलिया को कांस्टेबल ने खोजकर परिजनों को सौंपा
नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में उत्तराखंड पुलिस का एक बार फिर मानवीय और संवेदनशील चेहरा सामने आया है। मल्लीताल चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मुस्तैदी के चलते भीड़भाड़ के बीच खोई एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची को सकुशल ढूंढकर उसकी माँ के सुपुर्द कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक पर्यटक परिवार नैनीताल घूमने आया था। इसी दौरान उनकी पांच वर्षीय बेटी आलिया अचानक कहीं खो गई। बच्ची के लापता होने से घबराए परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पास की मल्लीताल पुलिस चौकी में तैनात कांस्टेबल मनोज जोशी को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांस्टेबल मनोज जोशी ने बिना समय गंवाए तुरंत आसपास के क्षेत्रों में बच्ची की खोजबीन शुरू कर दी। पुलिसकर्मी की सूझबूझ और तत्परता रंग लाई और कुछ ही देर में बच्ची को ‘कैपिटल हॉल’ के पास रोते हुए सकुशल बरामद कर लिया गया।
इसके बाद पुलिस ने तुरंत परिजनों से संपर्क किया और बच्ची आलिया को उसकी मां शबाना के सुपुर्द कर दिया। अपनी लाडली को सही-सलामत वापस पाकर मां शबाना की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। उन्होंने भावुक होकर नैनीताल पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर तारीफ की और कांस्टेबल मनोज जोशी का सहृदय आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों और अन्य पर्यटकों द्वारा भी सराहना की जा रही है।










