दिनेश आर्या होंगे राज्यसभा के प्रत्याशी, भाजपा ने बनाया उम्मीदवार

नैनीताल । भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए दिनेश आर्या को प्रत्याशी घोषित किया है। दिनेश आर्या नैनीताल जिले के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में धामी सरकार में दायित्वधारी के रूप में राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।दिनेश आर्या लंबे समय से भाजपा और संघ से जुड़े हुए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का तृतीय वर्ष प्रशिक्षण 1982 में लखीमपुर खीरी, 1983 में बरेली और 1996 में नागपुर से प्राप्त किया।
विद्यार्थी परिषद से शुरू किया राजनीतिक सफर
दिनेश आर्या ने वर्ष 1985 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के रूप में नैनीताल में सदस्यता ग्रहण की। वर्ष 1986 में उन्हें विद्यार्थी परिषद का नैनीताल जिला संयोजक बनाया गया और 1988 तक उन्होंने इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया।इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभालीं। वह वर्ष 1988 से 1991 तक भाजपा युवा मोर्चा नैनीताल के जिला मंत्री, 1992 से 1995 तक अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष और 1996 से 1998 तक युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे।वर्ष 2001 से 2002 तक उन्होंने भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2002 से वह भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में संगठन में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2007 से 2010 तक भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष भी रहे।
राष्ट्रीय स्तर पर भी संभाली जिम्मेदारी
वर्ष 2017 से 2021 तक दिनेश आर्या भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव रहे। इस दौरान उन्हें मोर्चे के पंजाब प्रभारी की जिम्मेदारी भी दी गई थी। वर्ष 2021 में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी के रूप में भी कार्य किया।वर्ष 2023 से वर्तमान तक वह उत्तराखंड सरकार की राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष (दायित्वधारी) के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।भाजपा की ओर से राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद दिनेश आर्या के लंबे संगठनात्मक अनुभव को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।











