ऑल सेंट्स कॉलेज नैनीताल की कक्षा 4 की छात्रा हृतिका भट्ट ने राष्ट्रीय NCR कप गोल्फ टूर्नामेंट में जीता कांस्य पदक


नैनीताल। ऑल सेंट्स कॉलेज, नैनीताल की कक्षा 4 की छात्रा एवं उभरती हुई युवा गोल्फ खिलाड़ी हृतिका भट्ट ने नोएडा के जेपी ग्रीन्स विशटाउन में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित NCR कप–26वीं एमेच्योर एवं जूनियर गोल्फ टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए डी कैटेगरी में तीसरा स्थान हासिल कर नैनीताल का नाम रोशन किया।
23 से 25 सितंबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में डी कैटेगरी के खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई। प्रतियोगिता कुल 36 होल की थी, जिसमें प्रतिदिन 18 होल खेले गए। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और कड़े मुकाबले के बीच हृतिका ने बेहतरीन खेल कौशल, धैर्य और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
हृतिका की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने इसी वर्ष जून में डी कैटेगरी में प्रवेश किया है। कैटेगरी में आने के कुछ ही महीनों के भीतर प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पोडियम फिनिश हासिल करना उनके लिए शानदार उपलब्धि के साथ-साथ महत्वपूर्ण अनुभव भी है।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभाशाली एमेच्योर एवं जूनियर गोल्फ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर हृतिका का शानदार प्रदर्शन उनके निरंतर अभ्यास, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
हृतिका की इस उपलब्धि पर ऑल सेंट्स कॉलेज नैनीताल की प्रधानाचार्या, शिक्षकों, सहपाठियों, परिवार और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि हृतिका आने वाले समय में भी अपने शानदार प्रदर्शन से गोल्फ के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी।