नासा ने चलाया नैनी झील स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान, बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा एकत्र
नैनीताल, 21 जून। नैनीताल की जीवनरेखा कही जाने वाली नैनी झील के संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता के उद्देश्य से आज नैनीताल एक्वेटिक एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (नासा) द्वारा झील स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने झील एवं उसके आसपास के क्षेत्र से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक तथा अन्य ठोस अपशिष्ट एकत्र किया।
इतिहासकार व पर्यावरण प्रेमी प्रो. रीतेश साह ने बताया पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार वर्षा के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों से बहकर काफी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य कचरा नैनी झील में पहुंच गया था। इससे झील की सुंदरता के साथ-साथ इसकी जलीय जैव विविधता एवं पारिस्थितिक संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।
प्रो. रीतेश साह ने कहा कि नैनी झील केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि नैनीताल नगर की सांस्कृतिक, पर्यावरणीय और आर्थिक धुरी है। झील स्थानीय जलवायु को संतुलित रखने, भूजल पुनर्भरण में सहायता करने तथा हजारों लोगों की आजीविका से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई है। झील में बढ़ता प्लास्टिक प्रदूषण जलीय जीवों, जल गुणवत्ता और सम्पूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसलिए झील संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने नागरिकों एवं पर्यटकों से अपील की कि वे नैनी झील को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें तथा सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग कम करें, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को झील, सड़को, अथवा नालों में न फेंकें। कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा नैनी झील को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने में अपना नगरपालिका के साथ अपना योगदान दें।
इस अवसर पर यशपाल सिंह रावत ने कहा कि नैनी झील केवल नैनीताल की पहचान ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा है, जिसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
इस कार्यक्रम में एडवोकेट मनीष जोशी, नितिन,कृपाल पड़ियार, भूपाल सिंह बिष्ट, एडवोकेट भानु मौनी, पूरन कपकोटी, एडवोकेट पंकज चौहान, एडवोकेट कैलाश जोशी, कमल किशोर, भरत, मनीष, विक्रम, रोहित गर्ग, फ़ैज़ान, किशोर कुमार, शुभान, नितिन आर्य, कार्तिक कुमार, नगरपालिका नैनीताल से मनीष व अमित सहित नैनीताल के अनेक नागरिकों तथा सेंट जोसेफ़, मोहन लाल साह बालिका विद्या मंदिर, सनवाल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की।











