नैनीताल बैंक के कर्मचारियों ने हेड ऑफिस में किया प्रदर्शन

नैनीताल, संवाददाता। नैनीताल बैंक स्टाफ एसोसिएशन ने बैंक प्रबंधन पर कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए लंबित मांगों के जल्द समाधान की मांग उठाते हुए सोमवार को बैंक के हेड ऑफिस में प्रदर्शन किया। एसोसिएशन ने कहा कि वरिष्ठ एवं ईमानदार कर्मचारियों का कार्यस्थल के नाम पर स्थानांतरण किया गया है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
महामंत्री प्रवीण साह ने कहा कि पूर्व में प्रबंधन के साथ हुई बैठकों में यह सहमति बनी थी कि बैंक के आकार और व्यवसाय को देखते हुए बीपीएस की पवित्रता बनाए रखी जाएगी। साथ ही कर्मचारियों की गतिशीलता को यथासंभव शहर के भीतर सीमित रखने पर भी सहमति बनी थी। कहा कि जहां शहर के भीतर स्थानांतरण संभव नहीं हो, वहां बीपीएस के प्रावधान लागू किए जाने चाहिए। आरोप लगाया गया कि प्रबंधन द्वारा एकतरफा निर्णय लिए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
एसोसिएशन की प्रमुख लंबित मांगों में विशेष सहायकों की पदस्थापना, प्रधान नकदकारों (हेड कैशियर) को स्थायी पदनाम, पीटीएस एवं विक्रेताओं का स्थानांतरण, प्रत्यक्ष नियुक्ति और पदोन्नति आदि मांग शामिल है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो बैंक में अशांति की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने प्रबंधन से सभी मुद्दों का तत्काल समाधान कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की मांग की है।