नैनीताल सीट से कमला आर्य ने ठोकी दावेदारी, महिला आरक्षण को बनाया आधार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारे के साथ भाजपा से मांगा टिकट, मौजूदा विधायक के प्रति स्थानीय जनता में नाराजगी होने का किया दावा

नैनीताल। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही नैनीताल विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर टिकट की दावेदारी तेज होने लगी है। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति अनुसूचित मोर्चा की सदस्य कमला आर्य ने नैनीताल सीट से अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारे के साथ पार्टी से आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट देने की मांग की है।
पत्रकार वार्ता में कमला आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में पहल की है। ऐसे में महिलाओं को राजनीति में आगे आने के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि वह भी महिला प्रतिनिधित्व को मजबूत करने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरने की इच्छुक हैं और पार्टी के सामने अपनी दावेदारी रख चुकी हैं।
कमला आर्य ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की ओर से कई विकास कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन नैनीताल विधानसभा क्षेत्र की जनता मौजूदा विधायक के कार्यों से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय स्तर पर विधायक के प्रति नाराजगी है, जिसका असर आगामी चुनाव में देखने को मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़कर कार्य कर रही हैं और इस बार विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरकर पार्टी की जीत के लिए प्रयास करना चाहती हैं। कमला आर्य ने पार्टी नेतृत्व से महिला दावेदारों को अवसर देने और नैनीताल सीट से उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की।











