होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की

नैनीताल। नैनीताल में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति कम होने से होटल और रेस्तरां संचालकों में चिंता बढ़ गई है। होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट ने बताया कि कल से होटलों और रेस्तरां को मिलने वाले व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अचानक कम कर दी गई है। वर्तमान में किसी भी होटल या रेस्तरां को नियमित रूप से व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि नैनीताल की अर्थव्यवस्था पूरी तरह पर्यटन पर आधारित है और इसमें होटल व रेस्तरां व्यवसाय की महत्वपूर्ण भूमिका है। गर्मी का पर्यटन सीजन भी नजदीक आ रहा है। ऐसे में यदि जल्द ही व्यावसायिक गैस की आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो होटल और रेस्तरां संचालकों के सामने अपने प्रतिष्ठान बंद करने की स्थिति पैदा हो सकती है। इससे पर्यटकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
होटल कारोबारियों ने जिलाधिकारी से जल्द हस्तक्षेप कर व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। इस पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कारोबारियों को मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर होटल एसोसिएशन के महासचिव वेदशाह भी मौजूद थे