रसायन विज्ञान में उत्कृष्टता का सम्मान: प्रो. दीवान एस. रावत को आचार्य पी.सी. रे स्मृति पुरस्कार

नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के कुलपति एवं प्रख्यात रसायन वैज्ञानिक प्रो. कर्नल दीवान एस रावत (एफ़ एन ए) को वर्ष 2024 के लिए आचार्य पी.सी. रे स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान उन्हें रसायन विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय शोध, नवाचारपूर्ण योगदान तथा वैज्ञानिक नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया। यह पुरस्कार इंडियन केमिकल सोसायटी के 62वें वार्षिक अधिवेशन के अवसर पर प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के साथ प्रो. रावत उत्तराखंड से यह सम्मान प्राप्त करने वाले दूसरे रसायन वैज्ञानिक बन गए हैं। इससे पूर्व वर्ष 2000 में उनके पीएचडी शोध-निर्देशक डॉ. डी.एस. भाकुनी को यह सम्मान प्रदान किया गया था, जिससे यह उपलब्धि विशेष रूप से गौरवपूर्ण बन जाती है।
आचार्य पी.सी. रे स्मृति पुरस्कार की स्थापना वर्ष 1964 में भारतीय रसायन विज्ञान के जनक (mकहे जाने वाले महान वैज्ञानिक, शिक्षाविद् एवं राष्ट्रनिर्माता आचार्य प्रफुल्ल चंद्र रे के नाम पर की गई थी। यह पुरस्कार रसायन विज्ञान के क्षेत्र में मौलिक एवं उच्चस्तरीय शोध, अकादमिक उत्कृष्टता, औद्योगिक एवं सामाजिक उपयोगिता तथा वैज्ञानिक दृष्टि के प्रसार में दीर्घकालिक और प्रभावशाली योगदान के लिए प्रदान किया जाता है। अब तक इस सम्मान से विभूषित वैज्ञानिकों में 12 पद्मश्री, 2 पद्मभूषण तथा 1 भारत रत्न सम्मानित व्यक्तित्व शामिल रहे हैं, जो इस पुरस्कार की प्रतिष्ठा और गरिमा को दर्शाता है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, अधिकारी एवं कर्मचारी वर्ग ने प्रो. रावत को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।