भीमताल में अनोखा स्वागत: मंत्री के आगमन से पहले गड्ढे भरकर हरीश पनेरू ने दिखाया ‘आइना
भीमताल| विधानसभा की सड़कों की दुर्दशा को उजागर करने के लिए पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। पनेरू ने पदमपुरी-खुटानी धारी मार्ग पर खस्ताहाल सड़कों के गहरे गड्ढों को मिट्टी से भरकर नए नवेले मंत्री को “आइना” दिखाया है।विदित हो कि यह मार्ग नए मंत्री राम सिंह कैड़ा के विधानसभा क्षेत्र में आता है। कल शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा का पहली बार पदमपुरी धारी आगमन है ,पनेरू ने कहा मंत्री को सड़क में चलते हुए झटके महसूस न हों इसीलिये स्वागत के तौर पर सड़कों के गड्ढे भरने का काम किया गया है, कहा कि यह मंत्री बनने के बाद उनके पहले दौरे का अवसर है और इस मौके पर कोई विरोध प्रदर्शन नहीं किया जा रहा है। एक सप्ताह के भीतर सड़क सही नहीं होती तो अगला दौरा उन्हें भारी पड़ेगा।उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में स्थानीय विधायक ने इस मार्ग की सुध नहीं ली और जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। पनेरू ने कहा, “अगर रातों-रात यह सड़क बनाई जाती है तभी हम मानेंगे कि जनता की भलाई के लिए पद मिला है।हरीश पनेरू ने कहा कि मंत्री बनने के तुरंत बाद उन्होंने अपने हल्द्वानी के जज फार्म के घर की सड़कों का रातों – रात निर्माण करवा लिया है, जिससे यह दर्शाता है कि उनके द्वारा केवल व्यक्तिगत लाभ को प्राथमिकता दी जा रही है। पनेरू ने आरोप लगाया कि धामी सरकार ने मंत्री पद क्षेत्र की सड़कों में भ्रष्टाचार और जनता की गाढ़ी कमाई के दुरुपयोग के रूप में “इनाम” स्वरूप भेंट दिया है, जबकि क्षेत्र की सड़कों में भ्रष्टाचार चरम पर है।पनेरू ने मामले में अंकिता भंडारी के आरोपी गट्टू को भीमताल में रिसॉर्ट गिफ्ट किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट है कि जनता के हित की बजाय निजी और राजनीतिक हितों को महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा इसका हिसाब जनता 2027 के विधानसभा में चुकता करेगी।











