उत्तराखंड हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर में एटीएस तैनात
नैनीताल। उत्तराखंड में अदालतों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब नैनीताल स्थित उत्तराखंड हाई कोर्ट को भी बम धमाके से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। इससे पुलिस और न्यायिक प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में हाई कोर्ट तथा जिला न्यायालयों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) को तैनात कर दिया गया। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से धमकी मिली थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं और न्यायालय परिसर की व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने कोर्ट परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों की भी गहन जांच की, हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
धमकी भरे ई-मेल में इस बार ड्रोन के माध्यम से हाई कोर्ट और जिला न्यायालय परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई है। खतरे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई स्थानों को खाली कराया और सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया। न्यायालय परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं तथा आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। बाहरी लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
प्रदेश के जिला न्यायालय और हाई कोर्ट को मिली धमकी के बाद गुरुवार को आईजी रिद्धि अग्रवाल, एसएसपी मंजूनाथ टी सी,एसपी सिटी क्राइम और एसपी विजिलेंस समेत तमाम अन्य अधिकारी हाई कोर्ट पहुंचे साथ ही उन्होंने हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के साथ मुलाकात भी की।







