डीएसबी परिसर की नई डीएसडब्ल्यू बनीं प्रो. चंद्रकला रावत ने संभाला कार्यभार, जिम्माछात्र हितों को प्राथमिकता देने पर रहेगा जोर, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने किया स्वागत

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर की नवनियुक्त अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) प्रो. चंद्रकला रावत ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने छात्र हितों को प्राथमिकता देने और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों का संरक्षण, उनकी समस्याओं का निराकरण और परिसर में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
इस अवसर पर डीएसडब्ल्यू कार्यालय, प्रॉक्टर बोर्ड के सदस्यों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने प्रो. चंद्रकला रावत का स्वागत किया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। शिक्षकों और कर्मचारियों ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से परिसर में छात्र कल्याण से जुड़े कार्यों को और बेहतर गति मिलेगी। हिंदी विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ प्राध्यापिका प्रो. चंद्रकला रावत वर्तमान में कुमाऊं विश्वविद्यालय में इग्नू की समन्वयक की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं। उन्हें विश्वविद्यालय और परिसर में विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन का अनुभव है। इससे पूर्व भी वह परिसर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। उनके इस अनुभव से छात्र कल्याण से जुड़ी गतिविधियों के प्रभावी संचालन और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान में मदद मिलने की उम्मीद है।










