राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान का राष्ट्रीय सेवा योजना सात दिवसीय विशेष शिविर दूसरे दिन भी जारी रहा

नैनीताल l राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान का राष्ट्रीय सेवा योजना सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों को दिनभर की गतिविधियों की जानकारी दी गई।
द्वितीय दिवस पर मुख्य आकर्षण वाद-विवाद प्रतियोगिता रहा, जिसमें स्वयंसेवकों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास एवं तार्किक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल द्वारा श्रेष्ठ वक्ताओं का चयन किया गया, जिससे विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई। इसके उपरांत एक बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें नैनीताल के कंप्यूटर साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष श्री नवनीत मिश्रा ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, तकनीकी ज्ञान के महत्व तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक किया। उनका व्याख्यान अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक रहा।
कार्यक्रम अधिकारी ने अंत में सभी स्वयंसेवकों को अनुशासन, सेवा भावना एवं समाज के प्रति समर्पण के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया।












