सीआरएसटी इंटर कॉलेज नैनीताल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया

नैनीताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेश में आम जनमानस को केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत शुक्रवार को विधायक नैनीताल सरिता आर्या की अध्यक्षता में तथा उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक के संचालन में
सीआरएसटी इंटर कॉलेज नैनीताल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुई,जिनमें से अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। 260 लोगों द्वारा शिविर का सीधा लाभ लिया गया।शिविर में नगर पालिका नैनीताल अंतर्गत स्टानले कमाउंड, रामलीला मैदान 7 नंबर,स्टाफ हाउस क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, पेयजल, मार्ग सुधारीकरण की मांग क्षेत्र से आए लोगों द्वारा रखी गई। इस संबंध में उपजिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। शिविर में पुराना घोड़ा स्टैंड में महिला समूहों हेतु पूर्व में बनाई गई दुकानों जो सड़क चौड़ीकरण में हट गई थी, पुन:निर्माण करने की मांग की गईं इस संबंध में ईओ नगर पालिका को कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त शिविर में पेयजल एवं विद्युत आदि से संबंधित समस्या प्राप्त हुई जिनके निस्तारण हेतु संबंधित को निर्देश दिए गए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा उपस्थित जनता को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई, तथा अपने अपने स्टालों के माध्यम से योजनाओं का लाभ जनता को प्रदान किया गया। शिविर में आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 102 व होम्योपैथिक विभाग द्वारा 40 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा दी गई। श्रम विभाग द्वारा 5 व्यक्तियों को विभाग में पंजीकृत करने हेतु आवेदन भरे गए । पशुपालन विभाग द्वारा 28 पशुपालकों को विभागीय योजना से लाभान्वित किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा 56 किसानों को विभागीय योजनाओं से संबंधित आवेदन लिए गए,विद्युत विभाग द्वारा 4 विद्युत बिल से संबंधित समस्या का समाधान किया गया। इसी प्रकार कृषि विभाग द्वारा 20, उद्यान विभाग द्वारा 19 किसानों को बीज, रसायन व कृषि यंत्र उपादान में दिए गए। उद्योग विभाग द्वारा 32 लोगों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया। बाल विकास विभाग द्वारा 8 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 10 लाभार्थियों को समाज कल्याण की योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में राजस्व विभाग द्वारा विभिन्न प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी लोगों को प्रदान की गई। शिविर में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल रोहिताश शर्मा, सदस्य मंडी परिषद मनोज जोशी, भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन कार्की,दयाकिशन पोखरिया सहित विभिन्न जन प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।












