विधायक के बेटे की ‘वीआईपी हनक’ पड़ी भारी, नैनीताल में एसडीएम से बहस के बाद फॉर्च्यूनर सीज

नैनीताल। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से भाजपा विधायक के बेटे को नैनीताल की माल रोड पर ‘वीआईपी कल्चर’ दिखाना महंगा पड़ गया। यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए हूटर बजाने और एसडीएम से अभद्रता करने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उनकी फॉर्च्यूनर कार उप 33 व 0003 को सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर की जहानाबाद सीट से विधायक राजेंद्र पटेल का बेटा परिवार के साथ नैनीताल घूमने आया था। माल रोड पर जाम के दौरान उसने बिना किसी आपात स्थिति के लगातार कार का हूटर बजाना शुरू कर दिया। संयोगवश, उसी समय मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी (SDM) की नजर इस पर पड़ी।
एसडीएम ने वाहन रुकवाकर जब हूटर बजाने का कारण पूछा, तो विधायक पुत्र अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा बहस करने लगा। आरोप है कि उसने रौब दिखाते हुए मुख्यमंत्री का नाम लेकर दबाव बनाने की कोशिश की और वाहन छोड़ने की बात कही। इस दौरान कुछ देर तक सड़क पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तत्काल पुलिस को मौके पर बुलाया। जांच में वाहन के आवश्यक दस्तावेज भी मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटते हुए फॉर्च्यूनर को मौके पर ही सीज कर दिया।
अब वही विधायक पुत्र, जो कुछ देर पहले सड़क पर रसूख दिखा रहा था, अपनी गाड़ी छुड़वाने के लिए कचहरी के चक्कर काटता नजर आ रहा है।