उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ की बैठक संपन्न

नैनीताल उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार में संपन्न हुई। जिसमें राज्य भर के 11 विश्वविद्यालयों के कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। बैठक में तय किया गया की संगठन की मांगों का निस्तारण न होने की स्थिति में 20 दिसंबर को राज्य भर के समस्त विश्वविद्यालयों के कर्मचारियों द्वारा एक दिवसीय कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

शनिवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग सभागार में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक का संगठन के मुख्य संरक्षक भूपाल सिंह करायत की अध्यक्षता में आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमदेव शतांशु रहे और विशिष्ट अतिथि प्रख्यात पर्वतारोही संतोष यादव रही।
प्रो शतांशु द्वारा समस्त विश्वविद्यालयों के विकास में गैर शैक्षिक कर्मचारियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया एवम् संस्था के विकास में संगठनों के प्रयासों का आह्वान किया।

बैठक के सभाध्यक्ष एवम् संगठन के मुख्य संरक्षक कुमाऊं विश्वविद्यालय से आए भूपाल सिंह करायत ने बताया कि राज्य के विश्वविद्यालयों की स्थिति चिंताजनक है, विश्वविद्यालयों में कई वर्षों से पद रिक्त हैं, वर्षों से पदोन्नतियों के मामले लंबित है, कई विश्वविद्यालयों में कुलपति और शासन के मध्य विवाद की स्थिति है वहीं कई विश्वविद्यालयों में प्रशासनिक मनमानी हो रही है। बैठक में इन्हीं सभी मांगों पर चर्चा करते हुए कर्मचारियों की समस्त जायज़ मांगों के निस्तारण हेतु गंभीर पत्राचार और वार्ताएं की जाएंगी एवम् निराकरण न होने की स्थिति में 20 दिसंबर को राज्य के समस्त विश्वविद्यालयों के कर्मचारी एक दिन का कार्य बहिष्कार करेंगे व उसके उपरांत भी सकारात्मक कार्यवाही न होने पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  हरेला महोत्सव एवं एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के अंतर्गत कुलसचिव डॉ मंगल सिंह मंद्रवाल ने पौधारोपण किया

संगठन के प्रांतीय महामंत्री डॉ लक्ष्मण सिंह रौतेला द्वारा संगठन का मांग पत्र प्रस्तुत किया गया जिसमें राज्य के समस्त विश्वविद्यालयों में चल रहे 1500 से अधिक रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाए, समस्त विश्वविद्यालयों में स्टाफिंग पैटर्न सहित पदोन्नति कैडर लागू किया जाए, शासन द्वारा जारी शासनादेश को राज्य विश्वविद्यालयों में लागू किया जाए, समस्त विश्वविद्यालयों में गोल्डन कार्ड व्यवस्था लागू किया जाए, सहायक कुलसचिव के पदों पर विश्वविद्यालयों के कर्मचारी हेतु पदोन्नति संवर्ग खोला जाए, समस्त विश्वविद्यालयों में मानकों के अनुसार पदों का सृजन किया जाए।
बैठक में उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक सुदरियाल, उपाध्यक्ष भारत नैनवाल, संयुक्त मंत्री प्रशांत मेहता, सुभाष पोखरियाल, संगठन मंत्री धन सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष देवेन्द्र पोखरिया, संप्रेक्षक प्रकाश तिवारी, गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष विजेंद्र सिंह, सचिव श्याम कुमार कश्यप, दीपक वर्मा, शिव सुंदर, डॉ पंकज कौशिक, समीर राणा, अरुण कुमार, अजय कुमार, नरेंद्र, आयुर्वेद विश्वविद्यालय के अध्यक्ष खीमानंद भट्ट, सचिव शिव नारायण, संस्कृत विश्वविद्यालय के सचिव चंदन सिंह रावत, राजेंद्र सिंह, महेंद्र रावत, मुक्त विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष हेम छिमवाल, सचिव राहुल बिष्ट, समीर पांडेय, अनिल नेगी, सोबन सिंह विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह धामी, उपाध्यक्ष कुलदीप उपाध्याय, सचिव राजेंद्र राणा, औद्यानिकी विश्वविद्यालय भरसार के शिव सिंह तड़ियाल, कुमाऊं विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दीपक बिष्ट, सचिव नवल किशोर बिनवाल, तारा रेखोला, तकनीकी विश्वविद्यालय देहरादून के देवेन्द्र बिष्ट सहित राज्य भर समस्त विश्वविद्यालयों के कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक का संचालन गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के प्रकाश तिवारी एवम् दीपक वर्मा ने किया।

Advertisement