कुमाऊँ विश्वविद्यालय ने रचा इतिहास: एक ही अधिसूचना में 258 परीक्षाफल घोषित

नैनीताल l कुमाऊँ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक प्रशासन में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए पहली बार एक ही अधिसूचना के माध्यम से कुल 258 परीक्षाफल घोषित कर दिए हैं। विश्वविद्यालय के इतिहास में यह अब तक का सबसे बड़ा और समेकित परिणाम प्रकाशन है।
कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान एस. रावत के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2025 के विषम सेमेस्टर के अंतर्गत मुख्य, बैक एवं एक्स-स्टूडेंट परीक्षाओं के परिणामों को एकीकृत करते हुए यह निर्णय लिया गया। इस कदम से न केवल परिणाम घोषणा प्रक्रिया में तेजी आई है, बल्कि छात्रों को समयबद्ध तरीके से अपने परिणाम प्राप्त करने में भी सुविधा हुई है।
अधिसूचना के अनुसार, पंजीकृत विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं समर्थ पोर्टल के माध्यम से अपने परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए प्रत्येक विद्यार्थी का एबीसी आईडी होना अनिवार्य किया गया है, जिससे डिजिटल एकीकरण और पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि जिन विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन पत्र या शुल्क ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त नहीं हो सके थे, उनके परिणाम अस्थायी रूप से रोके गए हैं, जिन्हें आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद जारी किया जाएगा।
कुलपति प्रो. रावत ने कहा कि यह पहल विश्वविद्यालय की डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शिता और प्रशासनिक दक्षता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एक ही अधिसूचना में इतने बड़े पैमाने पर परिणाम घोषित करना विश्वविद्यालय के किए बड़ी उपलब्धि है।
कुलपति प्रो. रावत ने इस उपलब्धि के लिए कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, परीक्षा कार्य से संबद्ध समस्त शिक्षकों, अधिकारियो व कार्मिको, परीक्षा विभाग और संबंधित महाविद्यालयों के समन्वित प्रयासों की सराहना की और कहा कि भविष्य में भी ऐसी प्रक्रियाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।