एआई एवं रोबोटिक्स लैब का भव्य उद्घाटन

नैनीताल l विद्यालय परिसर में एआई एवं रोबोटिक्स लैब का उद्घाटन बड़े उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। यह दिन विद्यालय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। समारोह की मुख्य अतिथि श्रीमती सरिता आर्या विधायक, नैनीताल रहीं, जिन्होंने विधिवत रूप से लैब का उद्घाटन किया तथा नवस्थापित 3-डी प्रिंटर का अनावरण किया।विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर मंजुषा के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शिता एवं समर्पण से यह महत्वपूर्ण परियोजना साकार हो सकी। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय निरंतर प्रगति और नवाचार की दिशा में अग्रसर है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक सिस्टर शीबा, सिस्टर एलेन, सिस्टर निर्मला, सिस्टर एन, सिस्टर ग्रेस तथा सिस्टर शर्ली की गरिमामयी उपस्थिति रही।एआई एवं रोबोटिक्स लैब की स्थापना तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने वाली कंपनी DROBOZONE के सहयोग से की गई है। कंपनी के संस्थापक एवं निदेशक श्री अमित कुमार तथा उनकी टीम ने लैब की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ कंप्यूटर संकाय सदस्य श्री संदीप सिंह की भी विशेष भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी समन्वय एवं अकादमिक दृष्टि से इस परियोजना को सफल बनाने में योगदान दिया।इस आधुनिक लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को कोडिंग, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन एवं मशीन लर्निंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा। 3-डी प्रिंटर की सुविधा से छात्र-छात्राएँ नवाचारी मॉडल एवं उपयोगी परियोजनाएँ तैयार कर सकेंगे, जिससे उनकी रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का विकास होगा।कार्यक्रम में शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। यह उद्घाटन समारोह विद्यालय की तकनीकी उन्नति की दिशा में एक नया अध्याय है और विद्यार्थियों को भविष्य के नवप्रवर्तक एवं नेतृत्वकर्ता बनने की प्रेरणा देता है।