युगमंच के तीसवे होली महोत्सव की तैयारी हेतु बैठक में बनी रूप रेखा, खड़ी होली, बैठ होली, महिला होली एवं बच्चों की गायन कार्यशाला होंगे आकर्षण का केंद्र

नैनीताल l सरोवर नगरी नैनीताल में विगत तीस वर्षों से चली आ रही होली महोत्सव की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युगमंच की पहल पर शारदा संघ, नयना देवी मंदिर समिति, राम सेवक सभा, महिला संगठन आदि विभिन्न संगठनों के प्रबुद्ध जनों की बैठक नयना देवी परिसर में आयोजित की गयी सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि युगमंच के तीसवे होली महोत्सव का शुभारम्भ चीर बंधन के साथ 27 फरवरी को अपराह्न 1 बजे से किया जायेगा. इसी के साथ सबसे पहले आमंत्रित टीम द्वारा नयना देवी परिसर में खड़ी बोली से कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा.मंदिर में खड़ी होली के बाद तीन बजे से रामसेवक सभा के रामलीला मंच में उद्घाटन किया जायेगा एवं खड़ी बोली गायन तथा स्कूली बच्चों द्वारा होली गायन किया जाएगा. चार मार्च तक चलने वाले छह दिवसीय कार्यक्रम के तहत दूसरे दिन बीएम शाह ओपन थिएटर में महिलाओं की बैठकी होली एवं स्वांग प्रस्तुत किए जाएंगे. एक मार्च को नैनीताल समाचार मे होली बैठक व सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा.
प्रति वर्ष होल्यारों को सम्मानित किए जाने की परंपरा के तहत इस वर्ष नरेश चम्याल एवं हेमंत पंत को सहित दो महिला होल्यारों को भी सम्मानित किया जाएगा.युवा पीढ़ी को पारंपरिक होली गायन तथा होली की विभिन्न विधाओं से जोड़ते हुए प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से युगमंच की पहल पर 17 फरवरी से होली गायन कार्यशाला प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा एवं इस दौरान तैयार प्रस्तुतियों को 27 एवं 28 फरवरी के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा. बैठक में विजय कृष्ण, मोहन चंद्र जोशी, ज़हूर आलम, विनोद पांडे, नवीन बेगाना, दिनेश उपाध्याय, मनोज कुमार, अनिल कुमार, जय जोशी, विजय लक्ष्मी थापा, आनंदी बगढ़वाल, सुमन, कनिका रावत राणा, अदिति खुराना, दीपा बिष्ट आदि उपस्थित थे.