नैनीताल की चोटियों में मौसम का पहला हिमपात, नीचे बारिश


नैनीताल: सरोवर नगरी में लंबे समय बाद मौसम ने करवट बदली है। शुक्रवार दोपहर में ऊंची चोटियों में मौसम का पहला हिमपात हुआ है, जबकि नगर के निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है। मौसम बदलने के साथ ही कड़ाके की ठंड पढ़नी शुरू हो गई है। बर्फबारी की उम्मीद में सैलानियों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। मगर मौसम विभाग की माने तो अगले 12 से 24 घंटों के बीच नगर की ऊंची चोटियों में हिमपात की संभावना रहेगी। हालाकि मौसम विभाग की पूर्व फोरकास्ट में नैनीताल की 25 सौ मीटर की ऊंची चोटियों में हिमपात की संभावनी जताई गई थी। जिसके फलस्वरूप दोपहर में हल्का हिमपात हिमकण के रूप में देखने को मिला है। इस बीच नगर में अपरान्ह ढाई बजे से बारिश शुरू हो गई थी, जो सांय 4.30 बजे तक जारी है। नगर में चार माह से भी अधिक समय बाद वर्षा देखने को मिली है। इस बीच हालात सूखे की तरह बने रहे। इधर मौसम विभाग के जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार दोपहर तक मौसम में सुधार आ जाएगा। 27 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। जिसका असर 29 जनवरी तक रह सकता है। इस पश्चिमी विक्षोभ के असर से 25 सौ मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना रहेगी।