धामी सरकार की जनसेवा पहल: हल्द्वानी के लाखनमंडी में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुद्देशीय शिविर का आयोजन कल
नैनीताल | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद नैनीताल के विकासखंड हल्द्वानी की न्याय पंचायत लाखनमंडी में एक बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा।
यह शिविर दिनांक 06 जनवरी, 2026 को डाक बंगला, चोरगालिया परिसर में आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता उपजिलाधिकारी, रामनगर प्रमोद कुमार द्वारा की जाएगी। बहुद्देशीय शिविर के माध्यम से क्षेत्रीय नागरिकों को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने, जनसमस्याओं की सुनवाई करने तथा उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार निरंतर यह सुनिश्चित कर रही है कि शासन-प्रशासन आमजन के निकट पहुंचे और दूरस्थ व ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी बिना किसी परेशानी के सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
जिला प्रशासन ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपनी समस्याओं का समाधान कराएं। यह बहुद्देशीय शिविर सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद, पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल है।








