सीएम धामी ने एरीज के वैज्ञानिक डा नरेंद्र सिंह को उत्तराखंड गौरव के सम्मान से नवाजा

नैनीताल l हिमालय की सेहत के प्रति जनमानस को आगाह करने और पर्यावरण के प्रति सजग रहने वाले एरीज नैनीताल के वैज्ञानिक डा नरेंद्र सिंह को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्कृष्ट कार्यों के लिए देहरादून में आयोजित भव्य समारोह में गुरुवार को सम्मानित किया गया। डा नरेंद्र सिंह आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) नैनीताल के वायुमंडलीय वैज्ञानिक-एफ के पद पर कार्यरत हैं। डॉ. नरेंद्र सिंह की मध्य हिमालय क्षेत्र की आबोहवा, क्लाइमेट, बरसा और बर्फबारी के साथ मौसम की बिगड़ती तल्खियों को लेकर फिक्र की झलक उनके शोध कार्यों में दिखाई देती है। जिसके चलते वायुमंडलीय अनुसंधानो पर विशेष फोकस रहता है। एरोसोल के लिडार प्रोफाइलिंग, बादल वर्षा अतः क्रिया और रडार के जरिए मौसम की गतिविधियों पर नजर रखना उनका शगल है। हिमालय के ऊपर एरोसोल, बादल और सीमा परत की गतिशीलता का अध्ययन करने के लिए उच्च ऊर्जा पल्स लिडार (एचईपीएल) प्रणाली के पुन: एकीकरण और स्थापना का सफलतापूर्वक नेतृत्व उनकी उपलब्धि का एक छोटा सा हिस्सा है। हवाओं की गुणवत्ता को लेकर चिंतन करते हैं तो सुधार के लिए मनन करना, डा नरेंद्र सिंह को पर्यावरण के प्रति उदारता व्यक्त करता है। डा नरेंद्र के वायुमंडलीय प्रदूषकों, विकिरण प्रवाह और हिमालयी क्षेत्र पर जलवायु के प्रभाव पर अनेक महत्वपूर्ण शोध प्रकाशित हो चुके हैं।
उत्तराखंड निवासी नरेंद्र सिंह को इस उपलब्धि को लेकर एरीज निदेशक डा मनीष नाजा, सीनियर साइंटिस्ट डॉ शशिभूषण पांडेय, पूर्व निदेशक डा वहाब उद्दीन, डा उमेश दुम्का, डा जीसी पांडे, डा आलोक गुप्ता डा विरेंद्र यादव, डा बृजेश कुमार, डा अभिषेक, रजिस्ट्रार मोहित जोशी समेत कई अन्य वैज्ञानिकों ने बधाई दी है।








