शनिवार को पिटरिया वार्ड में स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया

नैनीताल l राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, राजकीय पॉलिटेक्निक नैनीताल के स्वयंसेवकों द्वारा शनिवार को पिटरिया वार्ड, नैनीताल में स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ-साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जन-जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, क्षेत्रवासियों तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती भावना आर्या, सुरेश सिंह एवं राजेश कुमार लोहनी की उपस्थिति रही। इस अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा पिटरिया वार्ड के सार्वजनिक स्थलों, सड़कों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। साथ ही नागरिकों को प्लास्टिक का कम उपयोग करने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, जल संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के महत्व, डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव, तथा ‘स्वच्छ भारत दृ स्वस्थ भारत के संदेश से अवगत कराया। जागरूकता रैली के माध्यम से स्वच्छता से जुड़े नारों का उद्घोष भी किया गया।कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों को स्वच्छता कार्य हेतु आवश्यक सामग्री प्रदान की गई, जिससे कार्य सुरक्षित एवं प्रभावी रूप से संपन्न हो सके। क्षेत्रवासियों ने एनएसएस के इस प्रयास की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे अभियानों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सेवा के प्रति निरंतर समर्पित रहने का संकल्प लिया।









