भीमताल के रामलीला मैदान में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया था

नैनीताल l जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत आज नैनीताल जनपद के अंतर्गत नगर पालिका परिषद भीमताल के रामलीला मैदान में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया था जिसमे जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी/ कर्मचारियों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी शिविर में उपस्थित जनता को प्रदान की गई । शिविर में क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, सहित कई जनप्रतिनिधि और कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे । विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा ने शिविर में प्रतिभाग कर कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जन जन की सरकार आपके द्वार में समस्याओं के समाधान के लिए पहुँच रही है ताकि आमजन को अपनी समस्या के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े और एक ही स्थान पर यदि किसी भी विभाग से संबंधित कोई समस्या हो तो उसका समाधान मौके पर ही किया जा सके । मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द पांडे ने इस मौके पर कहा कि जनपद के सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बहुउद्देशीय शिविर में पंजीकृत प्रत्येक शिकायत का मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास करें और कहा कि बहुउद्देशीय शिविर लगाने का यही उद्देश्य है कि जनता की यदि किसी भी विभाग से कोई समस्या हो तो एक स्थान पर ही उसका निराकरण किया जा सके। शिविर में सबसे अधिक भीड़ खाद्य विभाग के काउंटर में राशन कार्ड में ऑनलाइन नाम दर्ज करने और राशन कार्ड से यूनिट निरस्त करने के लिए लगी थी । खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग कर जनता को विभाग से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई । बहुउद्देशीय शिविर में राशन कार्ड में मॉडिफिकेशन से संबंधित कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए जिनका मौके पर ही राशन कार्डो में ऑनलाइन कार्य कर समाधान किया गया और राशन कार्ड में सम्मिलित पुत्री का विवाह होने पर राशन कार्ड से ऑनलाइन नाम निरस्त कर निरस्तीकरण प्रमाण पत्र जारी किए गए । ए आर ओ सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने इस मौके पर क्षेत्रीय जनता को जानकारी देते हुए कहा कि शासन द्वारा जनपद को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में वर्ष २०११ की जनगणना के अनुसार ६५.२६ % लाभार्थियों का चयन इस योजना में चयन किए जाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ था । लक्ष्य के अनुरूप उक्त योजना में राशन कार्ड प्रचलित हैं । खाद्य विभाग के अधिकारी द्वारा राशन कार्ड सम्बन्धी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने पर क्षेत्रीय जनता द्वारा विभाग के कार्य की सराहना की गई । इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पाण्डे, विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, भावना मेहरा, मनोज भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि के अलावा परियोजना निदेशक चन्द्रा राज, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका भीमताल , क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारी सहित कई गणमान्य मौजूद रहे ।












