उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के क्रम में गुरुवार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने पूर्ति निरीक्षक रवि डालाकोटी के साथ नैनीताल क्षेत्रान्तर्गत गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण व रिफीलिंग को रोके जाने हेतु अभियान चलाया
नैनीतालl l उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आज क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने पूर्ति निरीक्षक रवि डालाकोटी के साथ नैनीताल क्षेत्रान्तर्गत गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण व रिफीलिंग को रोके जाने हेतु अभियान चलाया । इस दौरान उन्होंने मैसर्स पर्वत गैस सर्विस नैनीताल गैस एजेंसी के नारायण नगर स्थित गैस गोदाम का भी औचक निरीक्षण प्रबंधक अंकिता पाण्डे की उपस्थिति में किया । गोदाम की संग्रहण क्षमता १२००० किलोग्राम है । गोदाम के मुख्य भाग में विस्फोटक लाइसेंस नंबर अंकित पाया गया जो दिनांक 30.09.2028 तक वैध है । मौके पर कई सिलेंडर की तौल करने पर उनमें मानक के अनुसार गैस पाई गई । निरीक्षण के दौरान एआरओ बिष्ट को 13 डिफेक्टिव सिलेंडर भी गोदाम में मिले जिसे प्रबंधक को तत्काल कंपनी को वापस कर इनके स्थान पर सही सिलेंडर मंगवाने की हिदायत दी गई । इस दौरान उन्होंने सूखाताल नैनीताल स्थित पर्वत फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप का भी निरीक्षण किया । निरीक्षण के समय पंप में 11200 लीo पेट्रोल सामान्य, एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल 18500 लीo और डीज़ल 15980 ली० उपलब्ध पाया गया । ईधन की आपूर्ति सामान्य पाई गई । एआरओ बिष्ट ने जानकारी देते हुए कहा कि गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण व रिफीलिंग को रोकने के लिये विभाग द्वारा निरन्तर प्रवर्तन कार्य किए जा रहे हैं । यदि कोई भी व्यक्ति/संस्था/व्यापारी द्वारा गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण व रिफीलिंग करते हुए पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की सुसंगत धाराओं में प्रविधानांतर्गत नियमानुसार कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी । कहा कि क्षेत्रान्तर्गत घरेलू गैस सिलेंडर के आपूर्ति की स्थिति सामान्य बनी हुई है ।










