बजून मैं महिलाओं ने किया प्रदर्शन

नैनीताल। नगर के निकटवर्ती बजून क्षेत्र में महिलाओं ने प्रदर्शन किया। सोमवार को महिलाओं ने शराब की दुकान खोले जाने की विरोध में, मंगोली में प्रदर्शन किया था। मंगलवार की सुबह क्षेत्र की महिलाएं बजून क्षेत्र में एकत्र हुई। वहां पर उन्होंने एक सभा की। महिलाओं ने कहा कि मंगोली में विदेशी शराब की दुकान तथा बजून में देसी शराब की दुकान जिला प्रशासन द्वारा नए वर्ष में खोली जानी है। उन्होंने कहा के यही क्षेत्र में शराब की दुकान खोली गई तो यहां का माहौल बिगड़ जाएगा। यदि यहां दुकानें खोली गई तो महिलाएं आत्मदाह जैसा कदम उठाएंगी। मधुशाला नहीं पाठशाला चाहिए शराब नहीं रोज़गार चाहिए। इस नारे के साथ महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाओं को जैसे ही खुरपाताल क्षेत्र में आयुक्त दीपक रावत के आने की सूचना मिली तो वह बजून से खुरपाताल मार्ग पहुंच गई और सड़क पर नारे बाजी करने लगी। जैसे ही आयुक्त वहां पर पहुंचे तो महिलाओं ने उनसे मुलाकात की और एक ज्ञापन उन्हें सौंपा। महिलाओं ने आयुक्त दीपक रावत से कहा कि क्षेत्र में शराब की दुकान खोले जाने से क्षेत्र का माहौल खराब हो जाएगा। यहां पर धार्मिक स्थल एवं विद्यालय हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में शराब की दुकान न खोली जाए।












