होटल में भिड़े दो पक्ष, पुलिस ने आठ के चालान किये
नैनीताल। नैनीताल के समीपवर्ती भुजियाघाट के एक होटल में दो पक्षों का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार बीते सोमवार की रात को भुजियाघाट क्षेत्र में एक होटल में दो पक्षों का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हो गई। बात बढ़ी तो किसी तरह होटल कर्मचारियों ने मामले को शांत किया और पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे। लेकिन पुलिस ने छानबीन कर दोनों पक्षों को थाने बुलाया। मंगलवार की शाम को दोनों पक्ष तल्लीताल थाने पहुंचे। जहां दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगाने लगे। पुलिस की फटकार के बाद मामला शांत हुआ। एसओ रमेश बोरा ने बताया कि दोनों पक्षों में कमरा लेने को लेकर विवाद हुआ था। बताया कि दोनों पक्षों के आठ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।