18 से 20 फरवरी तक मनाया जाएगा तिब्बती नव वर्ष ‘लोसर’

नैनीताल । तिब्बती समुदाय का प्रमुख पर्व लोसर (तिब्बती नव वर्ष) इस वर्ष 18 से 20 फरवरी तक पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस पर्व के अवसर पर शहर के सुख निवास स्थित बौद्ध मठ में धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 20 फरवरी को बौद्ध मठ में सामूहिक पूजा होगी।
बौद्ध मठ में भिक्षुओं द्वारा विधि-विधान से पूजा, मंत्रोच्चार और शांति प्रार्थनाएं की जाएंगी। इस अवसर पर बौद्ध मठ परिसर में स्थापित विशाल धार्मिक ध्वज को भी परंपरा के अनुसार बदला जाएगा, जो नववर्ष के स्वागत और शुभ ऊर्जा के प्रतीक के रूप में लगाया जाता है। लोसर पर्व के दौरान तिब्बती परंपरा के अनुसार सामूहिक प्रार्थना, सांस्कृतिक अनुष्ठान और शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया जाता है। लोग अपने घरों और पूजा स्थलों की विशेष साफ-सफाई कर उन्हें सजाते हैं तथा नए वर्ष की मंगलकामना करते हैं।
तिब्बती मार्केट एसोशिएशन के सचिव येशी थुप्टेन ने बताया कि इस वर्ष तिब्बती पंचांग के अनुसार 2153वां नववर्ष प्रारंभ हो रहा है और यह वर्ष अग्नि अश्व वर्ष है। इस नववर्ष का तत्व अग्नि माना गया है और इसका प्रतीक चिन्ह घोड़ा है, जिसे ऊर्जा, गति और प्रगति का संकेत माना जाता है। बताया कि पर्व के चलते शहर की तिब्बती और भोटिया मार्केट भी पूरी तरह बंद थे l