जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का सफल आयोजन
नैनीताल l सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड बेतालघाट की न्याय पंचायत घंघरेटी अंतर्गत हल्सों स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, हल्सों में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता विधायक नैनीताल सरिता आर्या द्वारा की गई। शिविर के दौरान जन समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 44 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 43 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के माध्यम से 89 प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा विभागीय योजनाओं के अंतर्गत 157 व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया।बहुउद्देशीय शिविर में लगभग 175 नागरिकों द्वारा सीधा लाभ उठाया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य तरुण शर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य मीना देवी एवं ज्योति, ग्राम प्रधान धर्मा देवी, दीपा देवी, संजय सिंह, नरेंद्र पाल सिंह, कमल सिंह जंतवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष बेतालघाट प्रताप बोहरा, सांसद प्रतिनिधि मनमोहन सिंह,उपजिलाधिकारी श्री कैंचीधाम मोनिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।शिविर के माध्यम से सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासन को सीधे जनता से जोड़ते हुए जन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया, जिसे ग्रामीणों द्वारा सराहा गया।








