परीक्षाफल घोषित नहीं होने से विद्यार्थी परेशान

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण बीएससी प्रथम वर्ष के 51 से अधिक छात्र-छात्राओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। विश्वविद्यालय की ओर से 25 मार्च को परीक्षाफल जारी किया गया था, लेकिन इन छात्रों का रिजल्ट पोर्टल पर अब तक अपडेट नहीं हो सका है। रिजल्ट न आने के कारण ये छात्र न तो अगली कक्षा में प्रवेश ले पा रहे हैं और न ही परीक्षा फॉर्म भर पा रहे हैं।
पीड़ित वंशिका और श्रद्धा ने कहा वे कई बार विश्वविद्यालय के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। छात्रों ने ऑनलाइन सिस्टम में भारी विसंगतियों का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, समर्थ पोर्टल पर साइबर सिक्योरिटी जैसे विषयों की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है, जबकि साइकोलॉजी जैसे विषय चयन के लिए दिखाए जा रहे हैं जो कॉलेज परिसर में संचालित ही नहीं होते। इसके अतिरिक्त, कॉलेज स्तर से आंतरिक परीक्षा (इंटरनल) के अंक विश्वविद्यालय को न भेजे जाना भी एक बड़ी लापरवाही के रूप में सामने आया है।
छात्र महासंघ के अध्यक्ष आशीष कबाड़वाल, व छात्रनेता देव चौहान और मनकरण सिंह ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर इन तकनीकी और प्रशासनिक खामियों को दूर कर छात्रों का रिजल्ट जारी नहीं किया गया, तो वे उग्र प्रदर्शन को विवश होंगे। परीक्षा प्रभारी मुकेश सामंत ने आश्वासन दिया है कि तकनीकी समस्याओं को जल्द सुलझा लिया जाएगा।