श्री अरविंद रेलिक्स प्रतिष्ठा दिवस समारोह नैनीताल स्थित श्री अरविंद आश्रम, वन निवास में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। यह संपूर्ण

नैनीताल l श्री अरविंद रेलिक्स प्रतिष्ठा दिवस समारोह नैनीताल स्थित श्री अरविंद आश्रम, वन निवास में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। यह संपूर्ण आयोजन श्री अरविंद आश्रम दिल्ली शाखा की ट्रस्टी चेयरपर्सन, आदरणीय तारा दीदी के सान्निध्य और मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर तारा दीदी ने एक प्रदर्शनी दीर्घा (Visual Exhibition Gallery) का उद्घाटन किया, जो विशेष रूप से श्री अरविंद और श्री माँ के जीवन, साधना और कार्यों पर केंद्रित है। इस छायाचित्र संग्रह में उनके जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं, आध्यात्मिक यात्राओं और शिक्षाओं से संबंधित चित्रों, दुर्लभ फोटोग्राफ्स व सूक्तियों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया है। यह प्रदर्शनी न केवल दृश्य आनंद प्रदान करती है, बल्कि दर्शकों को श्री अरविंद व माँ की चेतना से गहरे स्तर पर जोड़ती है। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन ‘आनंद गान – Songs of Bliss’ से हुई, जिसमें नैनीताल के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उन्होंने आध्यात्मिक और भक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुतियाँ दीं, जो श्रोताओं के अंतर्मन को शांत और भावविभोर कर गईं। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ सरस्वती खेतवाल ने छात्रों के प्रदर्शन की प्रशंसा की। संध्याकालीन ‘संगीत संध्या’ इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण रही। इसमें गौरव बिष्ट और सिद्धांत नेगी ने अपनी भावपूर्ण वोकल प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिभाव से भर दिया, जबकि कर्तिकेय वशिष्ठ की बांसुरी ने एक दिव्य तरंग उत्पन्न की। स्मित तिवारी (तबला) और गौरव बिष्ट (हारमोनियम) की संगति ने इन प्रस्तुतियों को और भी प्रभावशाली बना दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे पद्मश्री अनुप शाह जी (प्रख्यात प्रकृति फोटोग्राफर) और श्री ललित तिवारी जी (जाने-माने रंगकर्मी एवं सांस्कृतिक व्यक्तित्व)। उन्होंने प्रस्तुतियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। पूरा दिन श्रद्धा, संगीत और आत्मिक शांति से भरपूर रहा। श्री अरविंद आश्रम, वन निवास का यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जीवंत आध्यात्मिक अनुभव बन गया।

Advertisement
यह भी पढ़ें 👉  राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से बुधवार को राजभवन में कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने शिष्टाचार भेंट की
Ad Ad Ad
Advertisement