कड़ाके की ठंड की चपेट में सरोवर नगरी, रविवार से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

नैनीताल l नैनीताल में बर्फबारी की आस इंतजार बनकर रह गई। बुधवार को घने बादल पूरे दिन असमान में डेरा डाले रहे, लेकिन बर्फबारी या बारिश नहीं हो सकी। अलबत्ता नगर में जबरदस्त ठंड पड़ने लगी है। नगर का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
नगर में गत दिवस दोपहर में शुरू हुई रिमझिम बारिश का दौर बुधवार देर रात तक जारी रही। मौसम में आए बदलाव के बाद सरोवर नगरी में जबरदस्त ठंड पढ़नी शुरू हो गई है। आज दिन में कई बार धूप के दर्शन तो हुए, लेकिन शीतलहर के चलते ठंड से राहत नहीं मिल सकी। दफ्तरों में कामकाज हीटर के सहारे चला तो लोग अपने घरों से बाहर कम ही निकल सके। यहां पहुंचे सैलानियों ने तिब्बती मार्केट से गर्म कपड़ों की खरीदारी की l मौसम विभाग की माने तो एक और पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार से सक्रिय होने जा रहा है। इस विक्षोभ का असर रविवार से नजर आएगा, जो सोमवार तक बने रहेगा। इस बीच ऊंची चोटियों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। बारिश के चलते झील के जलस्तर में मामूली वृद्धि हुई है, जो 83.5 फीट पहुंच गया है। सिंचाई विभाग के झील नियंत्रण कक्ष के मुताबिक 36 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।