रन फार उत्तराखंड की थीम पर होगी इस बार मानसून मैराथन

नैनीताल l इस बार मानसून मैराथन में धावक रन फार उत्तराखंड की थीम पर दौड़ेंगे। पुरस्कार की राशि चार लाख रुपए वितरित की जाएगी। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया ऑन लाइन व ऑफ लाइन शुरू कर दी गई है। दो हजार से अधिक देश विदेश के धावक प्रतिभाग करेंगे। रविवार को न्यू क्लब में मैराथन की टी शर्ट लॉन्च की गई। आयोजक हरीश तिवारी ने बताया कि मैराथन 14 सितंबर को विभिन्न वर्गों में आयोजित की जाएगी। जिसमे 21 किमी, 10 किमी व पांच किमी के अलावा वृद्ध वर्ग को शामिल किया गया है। 21 किमी की ओपन मैराथन ओपन होगी, जिसका रूट मल्लीताल फील्ड से ठंडी सड़क, स्नोव्यू, बारा पत्थर व शेरवुड कालेज से वापस मल्लीताल निर्धारित किया गया है, जबकि 10 किमी मल्लीताल फील्ड से बारा पत्थर, अरविंद आश्रम से ठंडी सड़क होते हुए मल्लीताल फील्ड तक रहेगा। इसके अलावा पांच किमी जूनियर वर्ग का मार्ग लेकराउंड रहेगा। इसके अलावा 45 से 55 आयु वर्ग व 55 से अधिक आयु वर्ग के लिए अलग मैराथन कराई जाएगी। इनाम की कुल राशि चार लाख रखी गई है। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आसान बनाने के लिए ऑन लाइन व ऑफ लाइन सुविधा दी गई है। रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। उम्मीद है कि इस बार देशभर के धावकों के अलावा विदेशी धावकों में नाइजेरिया, कीनिया व यूथोपिया समेत अन्य देशों के भी शामिल हो सकते हैं। राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ होने के नाते मैराथन की थीम रन फोर उत्तराखंड रखी गई है। नगर के स्कूलों की भी भागीदारी रहेगी। मैराथन को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू करदी गई हैं। जिसमें स्थानीय प्रशासन का अहम योगदान रहेगा। पत्रकार वार्ता में आयोजक मंडल के अमित शाह, अश्वनी सिंह, विमलजीत, पवन उपाध्याय, मनोज कुमार, मनीष जोशी व सुधीर वर्मा मौजूद थे।