कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ 1 जुलाई को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करेगा
नैनीतालl कुमाऊँ विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 06 जुलाई 2022 को कुमाऊँ विश्वविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ को वार्ता हेतु बुलाया जाने के बावजूद महासंघ द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 01 जुलाई 2022 को एक दिन का धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को यथावत रखा गया है और इस आमंत्रण को विश्वविद्यालय के आम कर्मचारियों की भावना के विपरीत बताकर विरोध दर्ज किया है। महासंघ के अध्यक्ष भूपाल सिंह करायत एवं महामंत्री लक्ष्मण रौतेला द्वारा संयुक्त बयान में बताया है कि कुमाऊँ विश्वविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ द्वारा लगातार प्रेषित मांगों के बावजूद प्रशासन की हीलाहवाली के चलते संगठन द्वारा कल विश्वविद्यालय प्रशासन को दिनांक 01 जुलाई 2022 को प्रशासनिक भवन में एक दिन का धरना प्रदर्शन करने की सूचना दी गई थी। इस क्रम में आज प्रशासन द्वारा महासंघ को पत्र देकर दिनांक 06 जुलाई 2022 को अपराह्न 3 बजे वार्ता हेतु आमंत्रित किया गया है। पदाधिकारियों ने कहा इसी पत्र से प्रशासन की कर्मचारियों के प्रति दुर्भाव जाहिर हो रहा है कि वे किस प्रकार कर्मचारियों के प्रति भावना रखते हैं अन्यथा उनके द्वारा संगठन के 01 जुलाई 2022 को धरना कार्यक्रम की सूचना दिये जाने के बावजूद प्रशासन द्वारा वार्ता 8 जुलाई को बुलाई गई है। इसके अतिरिक्त प्रशासन द्वारा कर्मचारियों की सेवानियमावली बनाने हेतु 31 मार्च के निर्णय का आदेश अब जारी किया है जो कि बैठक में लिये गये निर्णय से अलग है, जिसमें समस्त सदस्य विश्वविद्यालय से बाहर के शामिल करते हुए महासंघ के ही पदाधिकारी को शामिल कर अपने दायित्व की इतिश्री कर ली गई है और विश्वविद्यालय के किसी भी अणिकरी को शामिल नहीं किया गया है। संगठन के पत्र के बाद ही भीमताल परिसर हेतु नोडल अधिकारी भी नामित किया गया। इन निर्णयों से स्पष्ट है कि प्रशासन कर्मचारियों की अनदेखी करते हुए पूर्ण मनमानी पर उतर आया है और संगठन को आन्दोलन करने को उकसा रहा है क्योंकि उस स्थिति में ही प्रशासनिक मशीनरी कार्य कर रही है।
पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन ने प्रशासन से लगातार वार्ता की है, पत्राचार किया गया है परन्तु कर्मचारियों की मांगों एवं समस्याओं पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा लगातार अनदेखी एवं मनमानी की जा रही है जिसके परिणामतः संगठन के पदाधिकारी, दिनांक 01 जुलाई 2022 को प्रशासनिक भवन में एक दिन का धरना प्रदर्शन करेंगे कोई भी कार्यवाही न होने पर अनिश्चितकालिन आन्दोलन पर विचार किया जायेगा। संगठन द्वारा इसकी सूचना प्रशासन को दे दी गई है।








