खाली सिलेंडर लेकर वापस लौटे लोग
नैनीताल। शहर में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। बृहस्पतिवार को बीडी पांडे अस्पताल के समीप स्थित गैस वितरण केंद्र में बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर लेने के लिए कतार में खड़े रहे, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल सकी।जानकारी के अनुसार, रोस्टर के तहत मॉल रोड चर्च के पास भी सुबह करीब 9 बजे से लोग लाइन में लग गए थे। घंटों इंतजार करने के बाद भी दोपहर 12 बजे तक गैस की गाड़ी नहीं पहुंची। मजबूरन लोगों को खाली सिलिंडर लेकर ही घर लौटना पड़ा।डीएम के आदेश के बावजूद होम डिलीवरी व्यवस्था भी सुचारू रूप से लागू नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार वितरण में हो रही देरी से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। गैस न मिलने से आक्रोशित लोगों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि आम जनता को इस परेशानी से राहत मिल सके। जनता पर्वत गैस एजेंसी की मैनेजर आंकिता पांडे ने बताया कि गुरुवार को सप्लाई कम होने के कारण जू रोड, अनामिका होटल व बीडी पांडे अस्पताल पर ही गैस वितरण हो पाया है। जल्द ही सभी क्षेत्रों में गैस आपूर्ती कर दी जाएगी।








