राजकीय पॉलिटेक्निक का एनएसएस विशेष शिविर तृतीय दिवस भी जारी रहा

नैनीताल l एनएसएस विशेष शिविर के तृतीय दिवस बुधवार को स्वयंसेवकों द्वारा समाज सेवा एवं जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने नारायण नगर, पिटारिया तथा गैरिकखेत क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया। छात्रों ने इन क्षेत्रों में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया।इसके अतिरिक्त स्वयंसेवकों द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसका विषय स्वच्छता एवं स्वास्थ्य था। नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने, कचरा प्रबंधन तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। इस प्रस्तुति को स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे अत्यंत प्रभावी बताया। इस अवसर पर वार्ड नंबर 6 के पार्षद भगवत सिंह रावत उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें समाज सेवा के लिए निरंतर प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों के निर्देशन में सफलतापूर्वक किया गया। दिनभर की गतिविधियों ने स्वयंसेवकों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।