ईरान-इजरायल तनाव के बीच नैनीताल जिला प्रशासन अलर्ट, ईरान इजरायल युद्ध के बीच पश्चिम एशिया में रह रहे प्रवासी जनपदवासियों की सुरक्षित वापसी के लिए जुटाया जा रहा ब्यौरा

नैनीताल l पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन सतर्क हो गया है।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखण्ड सरकार ने भी राज्य के उन प्रवासी नागरिकों का विवरण एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो वर्तमान में पश्चिम एशिया के देशों में रह रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर भारत लौटना चाहते हैं।इस संबंध में उत्तराखण्ड शासन के सचिव राजेन्द्र कुमार द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश के सभी जिलों से ऐसे प्रवासी नागरिकों की जानकारी एकत्र की जा रही है, जो पश्चिम एशिया के देशों में निवास कर रहे हैं। इनमें विशेष रूप से संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, ईरान, इजरायल, ओमान, लेबनान, इराक, कुवैत और कतर जैसे देश शामिल हैं।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन परिवारों के सदस्य इन देशों में कार्यरत या निवास कर रहे हैं और वर्तमान परिस्थितियों के चलते भारत वापस आना चाहते हैं, वे इसकी सूचना जिला प्रशासन को अवश्य दें। प्रशासन द्वारा प्राप्त जानकारी को संकलित कर शासन स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रवासी नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए समुचित कदम उठाए जा सकें।उन्होंने बताया कि इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। संबंधित परिवारजन टोल फ्री नंबर 1077, 05942-231179, 231178, 05942-231181 तथा मोबाइल नंबर 8272080884 पर संपर्क कर अपने परिजनों का विवरण उपलब्ध करा सकते हैं।जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि प्रवासी नागरिकों की सुरक्षा और सहायता को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन द्वारा प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक समन्वय करते हुए आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।