देवीधूरा गांव में देर शाम गुर्रा रहा तेंदुआ, लोगों में दहशत, ग्रामीणों ने की अप्रिय घटना होने से पहले पिंजरा लगाने की मांग

नैनीताल। नैनीताल के आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों लगातार तेंदुए की दस्तक होने लगी है। बीते एक सप्ताह से देर शाम और सुबह देवीधूरा गांव में तेंदुए के गुर्राने से लोगो में भय का माहौल बना हुआ है। लोग पटाखे जलाकर तेंदुए को आबादी क्षेत्र से भगाने के प्रयास में जुट हुए हैं। अब ग्रामीणों ने क्षेत्र में पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
बता दें कि लंबे समय से नैनीताल के आसपास के क्षेत्र में तेंदुओं के लोगों पर हमले के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में लोग क्षेत्र में तेंदुए की दश्तक से दहशत में हैं। इन दिनों नैनीताल के समीपवर्ती देवीधूरा गांव में तेंदुए की दस्तक से लोगों की रातों की नीद उड़ी हुई है। बीते एक सप्ताह से लगातार तेंदुआ गांव के बीच घरों के आसपास गुर्रा रहा है। बीते दिनों क्षेत्र में कुत्ते को निवाला बनाने के बाद तेंदुआ घरों के आंगन में पहुंचकर गुर्रा रहा है। इधर मंगलवार की रात व बुधवार की सुबह पांच बजे ग्राम प्रधान व अन्य लोगों ने भी तेंदुए की गुर्राने की आवाज सुनी। जिसके चलते सुबह देर तक लोगों ने घरों के दरवाजे नहीं खोले। ग्रामीण कई दिनों से रात को पटाखे जलाकर तेंदुए को आबादी क्षेत्र से दूर भगाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं वन विभाग की टीम भी गांव में जागर गश्त कर चुकी है। ग्राम प्रधान प्रेमलता बर्गली ने डीएफओ को पत्र लिख क्षेत्र में पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। एसडीओ ममता चंद ने बताया कि शिकायत के बाद क्षेत्र में विभागीय टीम की गश्त की जा रही है। जल्द ही क्षेत्र में पिंजरा लगा दिया जाएगा। उन्होंने अपील की है कि लोग देर रात घर से बाहर न जाएं और रात को घर के आसपास लाइट जलाएं । साथ ही छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की जा रही है।









