कुमाऊँ विश्वविद्यालय की शोध प्रयोगशाला एवं प्राणी संग्रहालय का निरीक्षण, शोध कार्यों की सराहना

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं उत्तराखण्ड भाषा संस्थान में राज्य मंत्री प्रो. जगत सिंह बिष्ट तथा उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने किया निरीक्षण
नैनीताल। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के पूर्व कुलपति एवं उत्तराखण्ड भाषा संस्थान में राज्य मंत्री प्रो. जगत सिंह बिष्ट तथा उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट द्वारा स्थापित जन्तु विज्ञान विभाग की शोध प्रयोगशाला एवं विभाग स्थित प्राणी संग्रहालय का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने शोध प्रयोगशाला में संचालित विभिन्न शोध परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनमें किए जा रहे शोध कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्राणी संग्रहालय में संरक्षित विभिन्न नमूनों का अवलोकन करते हुए उनके शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं शोध संबंधी महत्त्व पर भी विचार-विमर्श किया।
प्रो. जगत सिंह बिष्ट एवं प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने जन्तु विज्ञान विभाग में संचालित शोध गतिविधियों तथा प्राणी संग्रहालय में उपलब्ध विविध संग्रह की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शोध सुविधाएँ विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को विषय का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विभाग में विकसित शोध एवं संग्रहालय संबंधी कार्यों को अन्य विश्वविद्यालयों में भी अपनाए जाने की संभावनाओं पर बल दिया।
इस अवसर पर जन्तु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार आर्य, प्रो. एस.सी.एस. बिष्ट, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. मुकेश सामन्त, डॉ. दीपक मेलकानी एवं डॉ. सीता देवली उपस्थित रहे।










