धात संस्था द्वारा नगर पालिका के प्रांगण में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया
नैनीताल l धात संस्था द्वारा नगर पालिका परिषद नैनीताल में कार्यरत पर्यावरण मित्रों के लिए एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह स्वास्थ्य शिविर उजाला सिग्नस हॉस्पिटल, हल्द्वानी के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें अस्पताल के अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा लगभग 125 पर्यावरण मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा विभिन्न आवश्यक जांचें भी की गईं। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर धात संस्था के संस्थापक रवि कांत राजू ने बताया कि संस्था पिछले 3–4 वर्षों से उजाला सिग्नस हॉस्पिटल, हल्द्वानी के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों एवं राजकीय विद्यालयों में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करती आ रही है। उन्होंने यह भी बताया कि धात संस्था विगत 11 वर्षों से निर्धन परिवारों के मेधावी बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान कर रही है, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान विनोद पंत, विजय पंत, नगर पालिका की सभासद गज़ाला कमाल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनमानस उपस्थित रहे।
नगर पालिका परिषद नैनीताल की चेयरमैन श्रीमती सावित्री खेतवाल ने धात संस्था के इस सराहनीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था द्वारा समाज के हित में किए जा रहे कार्य अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर नगर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित करने का आग्रह किया।









