वसंत इंटीग्रल लिविंग मेले का शानदार आयोजन
नैनीताल : अरविंद आश्रम में सोमवार को बसंत इंटीग्रल लिविंग मेला-2026” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य पारंपरिक ज्ञान, हस्तकला और अनुभवात्मक शिक्षा को एक मंच पर लाना तथा प्रतिभागियों को प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन के महत्व से जोड़ना था।
यह मेला तल्ला रामगढ़ स्थित मधुबन श्री अरविंद आश्रम से प्रेरित “खुशहाली समूह” का एक सजीव विस्तार था। इस अवसर पर खुशहाली समूह की मंजू मेहरा, कामिनी रावत, गीता बिष्ट, भावना साह, गुंजन मेहरा और राधा बिष्ट ने अपनी पारंपरिक कला और कौशल का सजीव प्रदर्शन किया। इन सभी महिलाओं ने, न केवल अपनी हस्तकला का प्रदर्शन किया, बल्कि प्रतिभागियों को इन कलाओं की बारीकियों को समझाया और उन्हें स्वयं करके सीखने के लिए प्रेरित भी किया। इसके साथ ही बांस से टोकरियाँ बनाने वाले कुशल कारीग लीलाधर जी ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। उन्होंने बांस को आकार देते हुए प्रतिभागियों को यह दिखाया कि किस प्रकार पारंपरिक तकनीकों के माध्यम से उपयोगी और सुंदर वस्तुएँ तैयार की जाती हैं। उनकी कुशलता और अनुभव ने सभी को अत्यंत प्रभावित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शांतिपूर्ण वातावरण में गायत्री मंत्र के उच्चारण से हुई, जिसके पश्चात तिलक समारोह द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। इस मेले की विशेषता यह रही कि इसमें केवल प्रदर्शनी ही नहीं, बल्कि प्रतिभागियों के लिए ‘हैंड्स-ऑन’ गतिविधियों की भी व्यवस्था की गई थी। प्रतिभागियों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर उन्हें ऐपण, क्रोशिया, बास्केट बुनाई तथा पारंपरिक विधि से हिमालयी नमक बनाने जैसी गतिविधियों को स्वयं करने और समझने का अवसर दिया गया।
Auro University के बैचलर ऑफ डिज़ाइन द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इन गतिविधियों में भाग लिया और स्थानीय कारीगरों के साथ मिलकर इन पारंपरिक विधाओं को नजदीक से समझा। इस सहभागिता ने उनके लिए सीखने को एक जीवंत और व्यावहारिक अनुभव में परिवर्तित कर दिया। इस पूरे आयोजन ने यह स्पष्ट रूप से दर्शाया कि शिक्षा केवल कक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि वह हमारे दैनिक जीवन, अनुभवों और आसपास के वातावरण में समाहित होती है।
झोड़ा नृत्य और पारंपरिक पहाड़ी गीतों की मधुर प्रस्तुतियों के साथ यह मेला हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के वातावरण में संपन्न हुआ।
नैनीताल से सभासद मनोज साह जगाती, अमित सुठा, अर्पित जोशी,पुरन सिंह बगड़वालआयुष मेहरा, सुमित पाठक मौजूद थे।









