घने बादलों के चलते नैनीताल से नहीं दिख पाया चंद्र ग्रहण
नैनीताल। नैनीताल मे मंगलवार को घने बादल छाने के कारण चंद्र ग्रहण नहीं दिखाई दिया। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान एवं शोध संस्थान की तैयारियां भी धरी की धरी रह गई।
मंगलवार को चंद्र ग्रहण देखने को लेकर खासा उत्साह था। इधर एरिज में भी चंद्र ग्रहण के लाइव प्रसारण की पूरी तैयारियों की गई थी। साथ ही चंद्र ग्रहण देखने के लिए एरिज में टेल्सिकोप भी लगाए गए थे। लेकिन देर शाम चंद्र ग्रहण शुरू होने से पहले ही पांच बजे से घने बादल लग गए। घने बादलों के चलते चंद्र ग्रहण के दीदार की उम्मीदों पर बादलों का ग्रहण लग गया। नगर के कई फोटो ग्राफर चंद्र ग्रहण की फोटो के लिए नगर की ऊंची पहाड़ियों पर नजर आए लेकिन उनको भी खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। वहीं तल्लीताल हनुमान गढ़ी से छह बजे के समय बादलों के पीछे चांद की एक झलक देखी गई। लेकिन उसके बाद चांद बादलों में कहीं खो गया। उधर आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान एवं शोध संस्थान के निदेशन डॉ. दीपांकर बैनर्जी ने बताया कि एरिज में चंद्र ग्रहण के लाईव प्रसारण की पूरी व्यवस्था की गई थी। लेकिन बादलों के कारण चंद्र ग्रहण नहीं दिख पाया। बताया कि कई लोगों को भी निराश लौटना पड़ा।








