कुविवि के वाणिज्य विभाग में उद्योगों की जरूरत और उभरते कॅरियर पर मंथन कार्यक्रम, वाणिज्य विभाग ने आयोजित किया राष्ट्रीय स्तर का करियर वेबिनार, रोजगार अवसर और करियर विकास शिखर सम्मेलन 2026 में 425 से अधिक छात्रों की भागीदारी
नैनीताल। कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर स्थित वाणिज्य विभाग की ओर से स्किल दुनिया, बेंगलुरु (कर्नाटक) के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर का रोजगार अवसर और करियर विकास शिखर सम्मेलन 2026 विषय पर एक वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को उनके करियर के लिए सही दिशा प्रदान करना और उन्हें रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना था।
वेबिनार के दौरान विशेषज्ञों की टीम ने छात्रों के भविष्य और रोजगार को लेकर उनकी शंकाओं पर चर्चा की। साथ ही उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं और वर्तमान अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। सत्र में छात्रों को भविष्य में रोजगार के अवसर, उद्योग की अपेक्षाएं बनाम कॉलेज पाठ्यक्रम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और उभरते करियर, वर्ष 2026 के लिए उच्च मांग वाले कौशल, प्रभावी रिज्यूमे निर्माण और व्यावहारिक करियर मार्गदर्शन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्लेसमेंट की संभावनाओं को बेहतर बनाने के उपायों पर भी चर्चा की गई। वेबिनार के अंत में प्रतिभागी छात्रों को इंडियन फार्मास्युटिकल एसोसिएशन के सहयोग से प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस वेबिनार में 425 छात्रों ने हिस्सा लिया, जिनमें वाणिज्य, प्रबंधन, कला, विज्ञान और तकनीकी संकाय के विद्यार्थी शामिल रहे। कार्यक्रम के समापन पर वेबिनार संयोजक डॉ. ममता जोशी लोहुमी ने विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. अतुल जोशी का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने समय-समय पर छात्रों को करियर काउंसलिंग के अवसर उपलब्ध कराए। वेबिनार में डॉ. आरती पंत, डॉ. विजय कुमार, डॉ. जीवन उपाध्याय, डॉ. विनोद जोशी, डॉ. निधि वर्मा, डॉ. टीपी चंद्रा, डॉ. पूजा जोशी पालीवाल, डॉ. रितिशा शर्मा, डॉ. हिमानी जलाल, डॉ. मिराज, दीक्षा पंत आदि रहे।









